हलैना में ACB की बड़ी कार्रवाई: बेरोजगारी भत्ते की हाजिरी के नाम पर घूस ले रहा था नर्सिंग ऑफिसर, रंगे हाथों गिरफ्तार

Aug 20, 2026 - 20:07
 0
हलैना में ACB की बड़ी कार्रवाई: बेरोजगारी भत्ते की हाजिरी के नाम पर घूस ले रहा था नर्सिंग ऑफिसर, रंगे हाथों गिरफ्तार

विष्णु मित्तल / हलैना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की भरतपुर इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हलैना में तैनात नर्सिंग ऑफिसर ग्रेड-द्वितीय मुरारीलाल मीणा को 1,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेरोजगारी भत्ते की उपस्थिति सत्यापित और ऑनलाइन करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

बेरोजगारी भत्ते की हाजिरी के नाम पर मांग रहा था रिश्वत प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादी ने एसीबी चौकी भरतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी मुरारीलाल मीणा उसके बेरोजगारी भत्ते की उपस्थिति (अटेंडेंस) ऑनलाइन करने के बदले 500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 4 महीने के कुल 2,000 रुपये रिश्वत राशि मांगकर परेशान कर रहा है।

सत्यापन के दौरान भी वसूले थे पैसे शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसीबी की टीम ने 19 अगस्त 2026 को रिश्वत की मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी नर्सिंग ऑफिसर 1,500 रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया और उसने 500 रुपये मौके पर ही ले लिए।

ट्रैप बिछाकर ACB ने दबोचा रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद 20 अगस्त 2026 को एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। जैसे ही परिवादी ने शेष 1,000 रुपये की रिश्वत राशि आरोपी मुरारीलाल मीणा को दी, घात लगाकर बैठी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और एसीबी द्वारा उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................