महुवा में नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक, 35 वार्डों के लिए 138 दावेदारों ने सौंपा बायोडाटा; आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान
महुवा (दौसा/ अवधेश अवस्थी)। स्थानीय अवध मैरिज गार्डन में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगरपालिका चुनाव की तैयारियों, वार्डवार संगठनात्मक स्थिति और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान 35 वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक 138 कार्यकर्ताओं ने पार्टी पदाधिकारियों को अपने बायोडाटा सौंपकर दावेदारी पेश की।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद पूर्व मंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुडला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव पार्टी के लिए बेहद अहम हैं। कांग्रेस पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में किसी भी प्रकार के 'पैराशूट उम्मीदवार' के बजाय जमीनी स्तर पर सक्रिय, लंबे समय से संगठन से जुड़े और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। टिकट वितरण से पूर्व वार्डों में निष्पक्ष सर्वे भी कराया जाएगा।
जिला सहप्रभारी देशराज पहाड़िया ने संगठन की ताकत पर बल देते हुए कहा कि चुनाव में आपसी तालमेल और अनुशासन ही जीत का आधार बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व प्रत्याशी अजय बोहरा सहित ब्लॉक व जिला स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

