दबंगों के आगे पस्त किसान: खेतों में जबरन आवारा पशु घुसाकर फसलें की बर्बाद
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
उपखंड क्षेत्र के ग्राम भूरपहाड़ी में किसानों की लहलहाती फसलों को आवारा पशुओं से चरवाकर बर्बाद करने का एक संगीन मामला सामने आया है। सेहरा गांव के दर्जनों लोगों पर दबंगई दिखाते हुए मनमर्जी से आवारा पशुओं को भूरपहाड़ी के खेतों में हांकने का आरोप लगा है।
पीड़ित किसान जुगल किशोर मीना ने आपबीती बताते हुए कहा कि सेहरा गांव के करीब 30 से 40 असामाजिक तत्व जबरन बड़ी संख्या में बेसहारा मवेशियों को उनके खेतों में घुसा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर ये लोग दादागिरी पर आमादा हो जाते हैं। आरोप है कि जब किसानों ने पशुओं को रोकने का प्रयास किया, तो उक्त उपद्रवियों ने उनके साथ अभद्रता व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली।
आर्थिक संकट में किसान, बोई फसलें चौपट
पीड़ित किसानों का कहना है कि वे दिन-रात हाड़-तोड़ मेहनत और कर्ज लेकर फसलें तैयार करते हैं। लेकिन इस तरह जबरन खेतों में मवेशी छोड़े जाने से उनकी एकड़ के हिसाब से खड़ी फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं, जिससे उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस की निष्क्रियता से ग्रामीणों में रोष
मामले को लेकर पीड़ितों ने लक्ष्मणगढ़ थाने में नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई कर फसलों की सुरक्षा का बंदोबस्त नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे

