भीलवाड़ा में युवा नवप्रवर्तकों का महाकुंभ: संगम आई-टीबीआई में 'उद्भवन 3.0' का सफल समापन; विजेताओं पर हुई इनामों की बारिश
राजकुमार गोयल (भीलवाड़ा)
भीलवाड़ा (राजस्थान)। संगम यूनिवर्सिटी स्थित संगम आई-टीबीआई में 20 और 21 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय 'उद्भवन 3.0' के अंतर्गत कोहोर्ट 2.0 का सफलता पूर्वक समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम ने देश भर से आए उभरते उद्यमियों और युवा नवप्रवर्तकों को अपने क्रांतिकारी विचारों का प्रदर्शन करने, उद्योग विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने और स्टार्टअप्स की नई संभावनाओं को तलाशने का एक विश्वस्तरीय मंच प्रदान किया।
देशभर से मिले 106 आवेदन, 16 बेहतरीन स्टार्टअप्स का हुआ चयन कार्यक्रम संयोजक व परियोजना प्रमुख डॉ. मनोज कुमावत ने बताया कि कोहोर्ट 2.0 के लिए दिल्ली, बिहार, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों से कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए थे। कड़े आंतरिक मूल्यांकन और स्क्रीनिंग के बाद 16 चुनिंदा स्टार्टअप्स को अंतिम प्रस्तुतीकरण (पिचिंग) और संवाद सत्र के लिए आमंत्रित किया गया।
दूसरे दिन सजी प्रोटोटाइप प्रदर्शनी, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र कार्यक्रम के दूसरे दिन 21 अगस्त को एक विशेष प्रोटोटाइप/नमूना प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विकसित उत्पादों और तकनीकी समाधानों का सजीव प्रदर्शन किया। संगम यूनिवर्सिटी के प्रबंध मंडल सदस्य पलक मोदीनी, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
पहले दिन मनोमय टेक्सटाइल की निदेशक पल्लवी लड्डा और ज़िक्कू की निदेशक डॉ. प्रियंका मेहता ने विचार, बाजार क्षमता और स्केलेबिलिटी के आधार पर स्टार्टअप्स का आंकलन किया। वहीं आईआईएफटी के निदेशक प्रो. राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय विपणन और ब्रांडिंग पर विशेष व्याख्यान दिया। दूसरे दिन एबिलिटी एडवोकेसी के सह-संस्थापक रित्विक जोशी, स्टार्टअप विशेषज्ञ गौरव बदाला और संगम इंडिया लिमिटेड के सीओओ गौरव चौधरी ने नवप्रवर्तकों को स्थानीय स्तर से वैश्विक स्तर तक व्यवसाय का विस्तार करने की बारीकियां सिखाईं।
विजेताओं की घोषणा: 'जालसेंट्रिक्स' ने मारी बाजी संगम आई-टीबीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) राजस्व कौशिक ने विजेताओं के नामों का ऐलान किया:
-
प्रथम स्थान (₹10,000): गौरव कंठालिया (संस्थापक - जालसेंट्रिक्स)
-
द्वितीय स्थान (₹3,000): हर्षित तिवारी (संस्थापक - यथार्था लैब्स प्राइवेट लिमिटेड)
-
तृतीय स्थान (संयुक्त): मानस डागा एवं विशाल मुंद्रा (संस्थापक - स्मोका प्राइवेट लिमिटेड)
विकसित भारत @2047 के संकल्प में संगम आई-टीबीआई का योगदान संगम यूनिवर्सिटी के कुलपति एवं संगम आई-टीबीआई के अध्यक्ष डॉ. करुणेश सक्सेना ने नवाचार के महत्व पर जोर देते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के वैज्ञानिकों श्री प्रवीण रॉय और डॉ. सी. एस. यादव के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। संगम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आलोक कुमार ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी।
इस सफल आयोजन में अनन्या बाबेल, निकिता राठौड़ और निशांत पारीक सहित पूरी आई-टीबीआई टीम का विशेष योगदान रहा। संस्थान ने दोहराया कि वह दूरदर्शी उद्यमियों को पोषित कर 'विकसित भारत @2047' के राष्ट्रीय सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।

