बाल सुरक्षा पर विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल: 'कोर्ट वाली दीदी' की मदद से बेझिझक साझा करें समस्याएं
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल-तिजारा के निर्देशानुसार बुधवार को इन्द्रा हैप्पी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडेज प्रोग्राम’ के तहत एक दिवसीय बाल सुरक्षा एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता पहुंचीं सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री खुशबू कांवरिया ने विद्यार्थियों को बाल अपराधों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘स्ट्रेंजर डेंजर - नो-गो-टेल’ पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बच्चों को अजनबियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, संदिग्ध परिस्थितियों को पहचानने और किसी भी खतरे के समय तुरंत मना करने ('नो'), वहां से हटने ('गो') तथा माता-पिता या शिक्षकों को सूचित करने ('टेल') का व्यावहारिक तरीका समझाया।
न्यायाधीश ने अपहरण व बाल तस्करी जैसे संगीन अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने परिसर में स्थापित 'कोर्ट वाली दीदी' सुझाव एवं शिकायत पेटी का जिक्र करते हुए विद्यार्थियों से बिना किसी डर के अपनी समस्याएं साझा करने की अपील की।
विद्यालय निदेशक पंकज खुराना ने बताया कि संस्था प्रधान डॉ. ज्योति को प्राधिकरण के सुरक्षा दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य श्रीमती ज्योति खुराना ने सिविल न्यायाधीश का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।

