सुमेरपुर में युवा क्रिकेटर अनवर पठान के जन्मदिन पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित, 75 यूनिट रक्त एकत्रित
सुमेरपुर (पाली/ बरकत खान)। कस्बे में युवा क्रिकेटर अनवर पठान के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने भारी उत्साह दिखाते हुए 75 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान एवं कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य का कार्य नहीं है। अस्पतालों में प्रतिदिन रक्त की आवश्यकता होती है, इसलिए समाज का यह दायित्व है कि रक्त की कमी के कारण किसी मरीज की जान न जाए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को साल में कम से कम दो से तीन बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। मेवाड़ा ने युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश राजपुरोहित के सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जगदीश राजपुरोहित ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार कुल आबादी के कम से कम एक प्रतिशत लोगों को नियमित रक्तदान करना चाहिए, जबकि भारत में यह आंकड़ा इससे भी कम है। उन्होंने बताया कि यह उनका 20वां रक्तदान शिविर है और वे अब तक 1,200 से अधिक यूनिट रक्तदान करवा चुके हैं।
शिविर में वर्धन ब्लड बैंक के निदेशक राम सोनी, चेयरमैन वेणु शर्मा व उनकी मेडिकल टीम (पंकज, मीनाक्षी, विपिन) ने 75 यूनिट रक्त संग्रहित किया। ब्लड बैंक प्रबंधन की ओर से हरिशंकर मेवाड़ा, जगदीश राजपुरोहित और अनवर पठान का विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा, जिला महासचिव जाफर सिलावट, पूर्व महासचिव महेश परिहार, पूर्व पार्षद सरदार ख़ान, संतोक सोलंकी, मान सिंह रामनगर, समाजसेवी अरबाज ख़ान पाली, अख्तर रजा, मेहबूब ख़ान, फ़क़ीर मोहम्मद, बरकत अली, महेंद्र सिंह राजपुरोहित, गोविंद मेघवाल, सुलेमान टाक सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। अतिथियों का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया गया।

