शिक्षकों की समस्याओं और शैक्षणिक सुधारों पर चर्चा: राजगढ़ में दो दिवसीय प्रांतीय शैक्षिक सम्मेलन शुरू
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता।
राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) का दो दिवसीय प्रांतीय शैक्षिक सम्मेलन शुक्रवार को टहला रोड स्थित एक निजी मैरिज होम में गरिमामय वातावरण में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संघ के मुख्य महामंत्री हरिकिशन यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सीबीईओ राजगढ़ लीलावती मीना उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक ताराचंद व्यास एवं कार्यकारी अध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने की। मंचस्थ अतिथियों का संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों द्वारा साफा, फूलमाला पहनाकर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर भावभिना स्वागत व अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के शुरुआत में संघ के महामंत्री अजय विजय ने स्वागत भाषण देते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और दूर-दराज से आए सभी अतिथियों व शिक्षक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के दौरान शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक व संघ के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

