टोडपुरा में 1 अक्टूबर से सजेगा 'शेखावाटी हॉर्स शो 2026' और विशाल पशु मेला: देश-प्रदेश से जुटेंगे नामचीन अश्वपालक
टोडपुरा में 1 अक्टूबर से सजेगा 'शेखावाटी हॉर्स शो 2026' व विशाल पशु मेला, देश-प्रदेश से जुटेंगे नामचीन अश्वपालक, तैयारियां तेज़
उदयपुरवाटी,सुमेर सिंह राव
नवलगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत टोडपुरा में आगामी 1 अक्टूबर से भव्य 'शेखावाटी हॉर्स शो 2026' और वार्षिक पशु मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत और मेला समिति की ओर से तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। इस मेले में राजस्थान समेत कई पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पशुपालकों और अश्वपालकों के पहुंचने की संभावना है।
गांव की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा हैं मेले: भंवर सिंह धीवा
टोडपुरा ग्राम पंचायत के प्रशासक भंवर सिंह धीवा ने बताया कि ग्रामीण संस्कृति और पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने के लिए टोडपुरा में मेलों का आयोजन अनवरत किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रशासन मेले में आने वाले पशुपालकों और व्यापारियों के लिए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं मुकम्मल कर रहा है। इसके साथ ही मेले में किसानों के लिए उचित दरों पर खेती-किसानी से जुड़े आधुनिक कृषि यंत्र भी उपलब्ध रहेंगे।
डॉक्टरों की टीम करेगी जांच, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
हॉर्स शो के आयोजक अनिल चौधरी ने जानकारी दी कि इस वर्ष शो में विभिन्न नस्लों के घोड़े व घोड़ियां अपनी कलाबाजियां और सुंदरता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात रहेगी। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और पशुपालकों को मंच से नगद पुरस्कार और सम्मान पत्र देकर नवाजा जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी किसानों, पशुपालकों और अश्व प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में टोडपुरा पहुंचकर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया है।

