रात के अंधेरे में शिकार बनाने पहुंचा बघेरा: बाड़े में सो रहे श्वान को दबाया जबड़े में, CCTV में कैद हुई घटना
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता।
समीपवर्ती नया गांव बोलका में बघेरे की आवाजाही से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात गांव में घुसे एक बघेरे ने भैंस के बाड़े में सो रहे श्वान पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। बघेरा श्वान को अपने जबड़े में दबाकर ले जाता हुआ पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें उसके पीछे कुछ अन्य कुत्ते भागते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीण मनीष मीना ने बताया कि गांव में लंबे समय से बघेरे का आतंक बना हुआ है। रात में हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद से लोग अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिस पर वनकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर बघेरे को ट्रेंकुलाइज करने या पकड़ने की मांग की है। वहीं, वन विभाग के कार्मिकों ने ग्रामीणों को सुरक्षा बरतने की सलाह देते हुए शीघ्र ही पिंजरा लगाकर बघेरे को काबू में करने का आश्वासन दिया है।

