भरतपुर नगर निगम में भाजपा का परचम: अनुराधा सिंह का निर्विरोध महापौर बनना तय; निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह ने वापस लिया नामांकन
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर बड़ी सियासी हलचल देखने को मिली। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह और उनके पति एवं पूर्व महापौर शिव सिंह भोंट से मुलाकात करने उनके रिसॉर्ट पहुंचे। करीब आधे घंटे की वार्ता के बाद महापौर चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदल गया। विचित्रा सिंह ने महापौर पद के लिए दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापसी के बाद भाजपा प्रत्याशी अनुराधा सिंह का निर्विरोध महापौर बनना तय माना जा रहा है।
नगर निगम भरतपुर में महापौर चुनाव को लेकर चल रही सियासी उठापटक के बीच भाजपा के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। महापौर पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाली विचित्रा सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी अनुराधा सिंह के निर्विरोध महापौर निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया है।
नामांकन वापसी से पहले गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह और उनके पति एवं पूर्व महापौर शिव सिंह भोंट से उनके रिसॉर्ट पहुंचकर मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि वार्ता के दौरान भरतपुर के विकास को लेकर विजन और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई।
वार्ता के बाद शिव सिंह भोंट अपनी पत्नी विचित्रा सिंह के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम की मौजूदगी में विचित्रा सिंह ने महापौर पद के लिए दाखिल अपना नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की और रिटर्निंग अधिकारी को इसकी जानकारी दी।
नामांकन वापसी के बाद अब महापौर पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनुराधा सिंह ही मैदान में रह गई हैं। ऐसे में उनका निर्विरोध महापौर निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनने की तस्वीर भी साफ हो गई है।
नामांकन वापस लेने के बाद शिव सिंह भोंट ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में भरतपुर का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि भरतपुर के विकास को लेकर जो विजन है, उसी को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के समर्थन में सहयोग का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भरतपुर में विकास की गंगा बह रही है और शहर के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।
वहीं विचित्रा सिंह ने कहा कि वे भरतपुर के विकास के साथ हैं। उन्होंने विकास के विजन को देखते हुए महापौर पद के लिए अपना नामांकन वापस लिया है। इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम भरतपुर की सियासत में भाजपा की स्थिति स्पष्ट हो गई है और अनुराधा सिंह के निर्विरोध महापौर बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

