गायत्री नगर जैन मंदिर में भक्तिभाव से शुरू हुआ दश लक्षण महापर्व: ध्वजारोहण के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
गायत्री नगर में ध्वजारोहण के साथ दशलक्षण महापर्व का भव्य शुभारंभ, उपवास पूर्ण होने पर निकला जुलूस
जयपुर / कमलेश जैन
महारानी फार्म, गायत्री नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में पर्वराज 'दश लक्षण महापर्व' का भक्तिभाव और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। समारोह की शुरुआत 14 सितंबर को प्रातः मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह द्वारा ध्वजारोहण कर की गई। इस दौरान सभी मांगलिक धार्मिक क्रियाएं विधानाचार्य पंडित अजित शास्त्री के सानिध्य में संपन्न कराई गईं।
सोलह कारण उपवास पूर्ण होने पर सम्मान व भव्य शोभायात्रा
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री राजेश बोहरा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर श्रीमती रेणु बाकलीवाल के 'सोलह कारण उपवास' पूर्ण होने पर मंदिर समिति द्वारा उनका अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात जिन धर्म प्रभावना हेतु मंदिर परिसर से उनके निवास स्थान तक बैंड-बाजों व बग्गी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
इंद्र-इंद्राणियों का चयन और दैनिक धार्मिक अनुष्ठान
मंदिर समिति के संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया के अनुसार, दशलक्षण पर्व के दौरान प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा एवं दशलक्षण विधान पूजा का आयोजन होगा। इसमें सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य रमेश-संगीता सोगानी को, महायज्ञ नायक अशोक-अंजू जैन (विधानसभा वाले) को तथा कुबेर इंद्र बनने का सौभाग्य संजय-नीलम ठोलिया को प्राप्त हुआ है। सामग्री पुण्यार्जक का सौभाग्य गुणमाला-सुनील-लता सोगानी परिवार और श्रावक श्रेष्ठी अशोक-अनीता रावंका परिवार को मिला है।
48 दिवसीय भक्तामर पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम
सांस्कृतिक संयोजक पदम झांझरी ने बताया कि 15 सितंबर से प्रतिदिन दोपहर 3 से 4 बजे तक 48 दिवसीय भक्तामर पाठ का आयोजन किया जाएगा। शाम को महाआरती, प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी क्रम में 15 सितंबर की रात्रि बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का विशेष आयोजन रखा गया है।

