21 सितंबर को तय होगा राजगढ़ पालिका का सरताज: नामांकन वापसी के बाद गरमाई सियासत, 31 निर्दलीय निभाएंगे किंगमेकर की भूमिका
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता।
राजगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन शुक्रवार को वार्ड नंबर 17 से विजयी निर्दलीय पार्षद धर्मचंद सैनी ने अपना नामांकित पर्चा वापस ले लिया है। इसके बाद अब अध्यक्ष पद के लिए केवल दो प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीना ने बताया कि पालिका अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन नामांकन दाखिल किए गए थे, जिनमें भाजपा से रेखा देवी तथा निर्दलीय के रूप में राजकुमार सैनी एवं धर्मचंद सैनी शामिल थे। धर्मचंद सैनी द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की रेखा देवी और निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार सैनी के बीच सिमट गया है।
गौरतलब है कि राजगढ़ नगर पालिका के 40 वार्डों के नतीजों में जनता ने किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया था। चुनावों में 31 सीटों पर निर्दलीयों ने बाजी मारी थी, जबकि भाजपा को 6 और कांग्रेस को महज 3 सीटें ही मिली थीं। भारी संख्या में जीतकर आए निर्दलीय पार्षद ही इस चुनाव में सत्ता की चाबी अपने पास रखे हुए हैं। अब 21 सितंबर को होने वाले मतदान के दिन ही स्पष्ट होगा कि राजगढ़ नगर पालिका की कमान किसके सिर सजती है।

