CHC बावड़ी में विकसित भारत–जन सेवा शिविर के तहत रक्तदान शिविर आयोजित, 25 यूनिट रक्त संग्रहित
बावड़ी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बावड़ी में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। जोधपुर शहर के अस्पतालों में रक्त की बढ़ती मांग को देखते हुए आयोजित इस शिविर में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दोपहर 2 बजे तक 25 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर 25 यूनिट रक्त का संग्रहण कराया। शिविर में पूनम शर्मा ने भी रक्तदान कर अन्य महिलाओं को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। जोधपुर के एमजीएच (MGH) ब्लड बैंक से आई डॉ. रामजीत, अभिषेक टाक, बजरंग सिंह, आकाश शर्मा एवं राजेन्द्र प्रसाद की विशेष टीम ने रक्त संग्रहण की प्रक्रिया संपन्न करवाई।
उपखंड अधिकारी ने बढ़ाया उत्साह: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपखंड अधिकारी जवाहराराम चौधरी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और आपका स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद को नई जिंदगी दे सकता है।
सफल आयोजन में इनकी रही भूमिका: शिविर का आयोजन बीसीएमओ डॉ. परमेश्वर हंसालिया के मार्गदर्शन तथा सीएचसी प्रभारी डॉ. रामनिवास विश्नोई व डॉ. दिलीप चौधरी की देखरेख में हुआ। इस मौके पर सत्यनारायण पुष्करणा, गणेश मुंडन, सैयद हाशमी, राजपाल सिंह, अरुण, अशोक सियाग, सुनील व गिरधारी सहित कई जनप्रतिनिधि, चिकित्साकर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

