लोहार्गल धाम के वेंकटेश मठ में हर्षोल्लास से मनाई गई ऋषि पंचमी, स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज ने सुनाई कथा, उमड़ीं श्रद्धालु महिलाएं
सुमेर सिंह राव, उदयपुरवाटी
प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल लोहार्गल धाम स्थित वेंकटेश मठ मंदिर परिसर में ऋषि पंचमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
व्यास पीठ से गूंजी ऋषि पंचमी की कथा
वेंकटेश मठ के पीठाधीश्वर स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज ने व्यास पीठ पर विराजमान होकर ऋषि पंचमी की पौराणिक कथा का वाचन किया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने भक्तिभाव के साथ कथा का रसपान किया और ऋषियों के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
तीर्थ स्नान और पूजन कर लिया आशीर्वाद
ऋषि पंचमी के उपलक्ष्य में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने लोहार्गल के पवित्र कुंड में स्नान कर पारंपरिक रूप से अपामार्ग दातुन किया और ऋषियों का पूजन किया। इसके पश्चात भक्तों ने वेंकटेश बालाजी मठ पहुंचकर पीठाधीश्वर स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

