अग्रसेन महिला महाविद्यालय खेरली में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश
खेरली (दिनेश लेखी) अग्रसेन महिला महाविद्यालय खेरली में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के अवसर पर जागरूकता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बीएल उपाध्याय ने किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नेहा गोयल ने छात्राओं को एनएसएस स्थापना दिवस के महत्व तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित होने वाले सेवा भाव, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी संतोष शर्मा एवं सौरभ अग्रवाल ने स्वयंसेवी छात्राओं को एनएसएस स्थापना दिवस पर शपथ दिलाई। साथ ही छात्राओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूकता के लिए महाविद्यालय द्वारा गोद ली गई बस्ती गलाखेड़ा में रैली निकाली गई। रैली का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नेहा गोयल, कार्यक्रम अधिकारी संतोष शर्मा, सौरभ अग्रवाल, ओमवती देवी एवं मंगल सिंह ने किया।
रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से आमजन को प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। छात्राओं ने सामाजिक परिस्थितियों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हुए सेवा एवं सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया। छात्राओं के प्रभावशाली नारों और प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर ‘सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी—यही एनएसएस की पहचान’ का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ की हेमलता गोयल, मोहन सिंह गुर्जर, मोहन सिंह जाट, भागीरथ कुमार, नीतीश कुंतल, मोनू साहू एवं फौरन सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

