नवनिर्वाचित चेयरमैन रेखा सैनी ने संभाली राजगढ़ की बागडोर, कहा- 'समान विकास और जनसमस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता
राजगढ़ नगर पालिका में नए युग की शुरुआत: नवनिर्वाचित चेयरमैन रेखा देवी सैनी ने पदभार संभाला, पार्षदों का हुआ नागरिक अभिनंदन
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
राजगढ़ नगर पालिका परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के बीच नवनिर्वाचित चेयरमैन रेखा देवी सैनी ने शुक्रवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (EO) विक्रांत शर्मा ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया।
हवन-पूजन के साथ हुई समारोह की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात गायत्री शक्तिपीठ के आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने अध्यक्षीय कुर्सी संभाली। समारोह के दौरान कस्बे के गणमान्य नागरिकों, समर्थकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रेखा सैनी को फूल-मालाएं पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का भी साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
समान विकास और सफाई व्यवस्था पर रहेगा जोर
पदभार संभालने के बाद मीडिया व जनता को संबोधित करते हुए चेयरमैन रेखा देवी सैनी ने कहा कि पूरे राजगढ़ कस्बे का बिना किसी भेदभाव के समान विकास कराना ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कस्बे में पीने के पानी, बिजली की सुचारू आपूर्ति और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों एवं सभी पार्षदों के साथ बैठक कर कस्बे के विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की। इस अवसर पर कस्बे के कई प्रबुद्ध नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

