महुवा: एफएसटीपी प्लांट के संचालन के बाद स्वच्छता की ओर बड़ी पहल; आसपास के 15 किमी क्षेत्र के ग्रामीण भी ले सकेंगे लाभ, हेल्पलाइन नंबर जारी
महुवा (अवधेश अवस्थी)
महुवा नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को एक नई दिशा देने और गंदगी व संक्रमण की समस्या पर निर्णायक प्रहार करने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन ने एक बेहद सराहनीय और ऐतिहासिक कदम उठाया है। राज्य सरकार और भारत सरकार के संयुक्त प्रयासों से स्थापित एफएसटीपी (फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) के पूरी तरह संचालित होने के बाद, महुवा नगर पालिका ने क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है।
दिसंबर 2027 तक सभी गटर होंगे मुफ्त साफ
अधिशाषी अधिकारी राजेश मीना, नगर पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल और विकास अधिकारी सुनील मीना के निर्देशन में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत दिसंबर 2027 तक नगर पालिका क्षेत्र के सभी सेप्टिक टैंक (गटर) पूरी तरह निःशुल्क खाली किए जाएंगे। इसके लिए नगर पालिका ने अपने सभी 35 वार्डों में वार्डवार पंजीयन कार्यक्रम शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस योजना का लाभ महुवा के आसपास के 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी उठा सकेंगे।
निजी खर्च से मिलेगी मुक्ति
कस्बे के इतिहास में स्वच्छता की दिशा में इसे अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। वर्षों से आमजन अपने सेप्टिक टैंक साफ करवाने के लिए महंगे निजी संसाधनों पर निर्भर रहने और भारी-भरकम खर्च उठाने को मजबूर थे, लेकिन अब नगर पालिका ने खुद यह पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कस्बे को गंदगी, दुर्गंध और संभावित संक्रमण के खतरों से पूरी तरह मुक्त कर एक स्वस्थ व स्वच्छ वातावरण प्रदान करना है।
पंजीयन के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आम नागरिक नगर पालिका महुवा के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 14420, 8712492230 और 9828382477 पर कॉल करके अपने सेप्टिक टैंक को निःशुल्क खाली करवाने के लिए अपना पंजीयन करवा सकते हैं। नगर पालिका की इस पहल से स्थानीय नागरिकों में भारी खुशी और उत्साह देखा जा रहा है।

