राजगढ़ के ऐतिहासिक कुंड के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को लेकर 30 सितंबर को होगी सार्वजनिक बैठक
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
राजगढ़ के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक ऐतिहासिक कुंड के जीर्णोद्धार और इसे एक आकर्षक पर्यटन व घूमने योग्य स्थल के रूप में विकसित करने के लिए शहरवासियों द्वारा एक अहम कदम उठाया जा रहा है। इस संबंध में 30 सितंबर को सांय 6 बजे ऐतिहासिक कुंड परिसर में राजगढ़ के समर्पित नागरिकों की एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी।
नई समिति का होगा गठन
राजगढ़ वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक के दौरान 'कुंड जीर्णोद्धार समिति' का औपचारिक गठन किया जाएगा। साथ ही, कुंड के विकास और जीर्णोद्धार से जुड़ी विस्तृत कार्ययोजना पर प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
गांधी जयंती से कार्य आरंभ करने का लक्ष्य
राजगढ़ वेलफेयर सोसाइटी इस पूरे अभियान में शुरुआतकर्ता की भूमिका निभा रही है, जबकि कुंड के जीर्णोद्धार का वास्तविक क्रियान्वयन नवगठित समिति द्वारा किया जाएगा। समिति की योजना आगामी 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) की प्रातः से ही इस कार्य का शुभारंभ करने की है। आयोजकों ने राजगढ़ के विकास के प्रति समर्पित सभी क्षेत्रवासियों से इस बैठक में सादर और अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

