राजगढ़ के गायत्री शक्तिपीठ में 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय राष्ट्र निर्माण कार्यशाला का होगा आयोजन; शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि देंगे मार्गदर्शन
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष और अखंड ज्योति के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर शांतिकुंज, हरिद्वार के मार्गदर्शन में तहसील स्तर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में अलवर जिले की राजगढ़ तहसील स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आगामी 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक परिवार, समाज एवं राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से तीन दिवसीय भव्य कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
दिवसवार कार्यक्रमों की रूपरेखा:
-
प्रथम दिवस (2 अक्टूबर - किशोरवय विद्यार्थी मार्गदर्शन):
कार्यक्रम के पहले दिन प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किशोरवय विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शक सत्र आयोजित होगा। इसमें आधुनिक जीवनशैली के बीच भारतीय सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
-
द्वितीय दिवस (3 अक्टूबर - युवा जागरण एवं व्यक्तित्व निर्माण):
यह दिन पूरी तरह से युवाओं की समस्याओं और उनके समाधान को समर्पित रहेगा। इस दौरान नशामुक्ति, मोबाइल के दुष्प्रभावों, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य, स्वावलंबी जीवन, भ्रष्टाचार विरोध तथा गायत्री परिवार के रचनात्मक आंदोलनों, वेशभूषा, पर्यावरण और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
-
तृतीय दिवस (4 अक्टूबर - मातृशक्ति जागरण कार्यशाला):
अंतिन दिन प्रातः 10:30 बजे से मातृशक्ति जागरण कार्यशाला का आयोजन होगा, जिसमें परिवार और समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता पर प्रकाश डाला जाएगा।
शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रतिनिधियों द्वारा इन तीनों दिनों में 'व्यक्ति निर्माण से परिवार निर्माण, परिवार निर्माण से समाज निर्माण और समाज निर्माण से राष्ट्र निर्माण' के मूल मंत्र पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही जीवन जीने की कला और संस्कारयुक्त जीवन से जुड़ी कार्यशालाएं भी संपन्न होंगी। समस्त आयोजन गायत्री शक्तिपीठ, राजगढ़ के प्रांगण में होंगे।

