जोधपुर में हैवानियत! कचरा उठा रही महिला को घर में खींचकर पीटा, काटे बाल; पुलिस ने SC-ST एक्ट में दर्ज किया केस
जोधपुर में बुजुर्ग महिला से बर्बरता: चोरी के शक में बंधक बनाकर पीटा, सिर के बाल काटे; पुलिस ने SC-ST एक्ट में दर्ज किया मामला
जोधपुर (राजस्थान)। राजस्थान के जोधपुर शहर स्थित चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक परिवार ने उस पर चोरी का झूठा शक जताते हुए उसे घर में बंधक बना लिया, बेरहमी से मारपीट की और उसके बाल भी काट दिए।
कचरा उठाने के दौरान घर में खींचकर ले जाने का आरोप जोधपुर पश्चिम की डिप्टी नितिशा जाखड़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह गुरुवार को संबंधित थाना क्षेत्र में स्थित एक मकान के बाहर कचरा उठाने का काम कर रही थी। उसी दौरान घर के लोग बाहर निकले और जबरन उसे घसीटते हुए अपने मकान के अंदर ले गए।
दिनभर बंधक बनाकर रखा, बाल भी काटे पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने चोरी का आरोप लगाते हुए उसे पूरे दिन बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसके साथ जमकर मारपीट की गई और प्रताड़ित करने की नीयत से उसके सिर के बाल भी काट दिए गए। देर शाम किसी तरह चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और अगले दिन पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की डिप्टी नितिशा जाखड़ ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

