जोधपुर में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला, दो युवक लहूलुहान, बाइक और स्कूटी पर आए थे हमलावर
जोधपुर | शहर के देवनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बॉम्बे मोटर चौराहे के पास आधा दर्जन बदमाशों ने एक स्कॉर्पियो कार को घेरकर दो युवकों पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका; जब एक युवक जान बचाकर पास के कॉम्प्लेक्स की तरफ भागा, तो बदमाशों ने उस पर सरेआम फायरिंग कर दी।
हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गाड़ी रिपेयर कराने आए थे युवक, घात लगाकर बैठे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, घायल युवक सन्नी हंस और विक्की फाइटर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी ठीक करवाने के लिए बॉम्बे मोटर चौराहे के पास आए थे। इसी दौरान बाइक और स्कूटी पर सवार होकर आए 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी को आगे से रोक लिया। बदमाशों ने बिना कुछ कहे कार पर लाठी-डंडों और तलवारों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान चौराहे पर भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए जब एक युवक कॉम्प्लेक्स की तरफ दौड़ा, तो बदमाशों ने पीछे से फायर झोंक दिया।
कमिश्नर खुद पहुंचे मौके पर, आरोपी नामजद
वारदात की सूचना मिलते ही जोधपुर पुलिस कमिश्नर शरत कविराज भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। कमिश्नर शरत कविराज ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा:
"दोनों युवक गाड़ी रिपेयर करवाने आए थे, जहां बदमाशों ने उन पर हमला किया और फायरिंग भी की है। कुछ मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद कर लिया गया है। जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।"


