कठूमर में किसानों का हल्लाबोल: बाजरा समर्थन मूल्य पर खरीद और यूरिया-डीएपी की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
कठूमर: किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, बाजरा खरीद और खाद की मांग प्रमुख
कठूमर (दिनेश लेखी)
स्थानीय उपखंड क्षेत्र में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ इकाई कठूमर द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम एक ज्ञापन कठूमर तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने अपनी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की पुरजोर मांग उठाई है।
बाजरा खरीद और भावांतर राशि की मांग
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष पदम सिंह डागुर ने बताया कि क्षेत्र में बाजरा की फसल मंडियों में आनी शुरू हो चुकी है, लेकिन किसानों को निर्धारित समर्थन मूल्य 2,150 रुपए प्रति क्विंटल के स्थान पर मात्र 1,900 से 2,000 रुपए प्रति क्विंटल ही भाव मिल रहा है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने मांग की है कि राजस्थान में तुरंत बाजरा की समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद शुरू की जाए, खरीद केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था हो तथा हरियाणा की तर्ज पर किसानों को भावांतर राशि उपलब्ध कराई जाए।
दूध का बोनस बढ़ाने और खाद की नियमित आपूर्ति की गुहार
ज्ञापन में दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए दूध के खरीद मूल्य और बोनस में वृद्धि करने की मांग की गई। संघ का कहना है कि पशुपालन की बढ़ती लागत के चलते पशुपालक आर्थिक दबाव में हैं। इसके अलावा, रबी फसलों की बुवाई के समय यूरिया और डीएपी जैसी आवश्यक खादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और दोषी दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
भूमि अधिग्रहण में चार गुना मुआवजे की मांग
राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण पर चिंता जताते हुए संघ ने मांग की कि डीएलसी दर के बजाय वास्तविक बाजार मूल्य को आधार बनाकर किसानों को कम से कम चार गुना मुआवजा दिया जाए।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष गिरधर सिंह, जिला बीजप्रमुख विजयपाल सिंह, ग्राम समिति रेला के अध्यक्ष हरिओम, और दूधेरी अध्यक्ष सूबेदार विजय सिंह सहित कई ग्राम समितियों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

