कठूमर क्षेत्र: 6 अक्टूबर को पांच घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, मेंटेनेंस और पेड़ों की कटाई का कार्य रहेगा जारी
कठूमर (दिनेश लेखी)
जयपुर डिस्कॉम की ओर से विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की कटाई और आवश्यक मेंटेनेंस कार्य के चलते मंगलवार, 6 अक्टूबर को लक्ष्मणगढ़ और कठूमर क्षेत्र के कई इलाकों में पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
सहायक अभियंता (एचटीएम) जयपुर डिस्कॉम लक्ष्मणगढ़, रविंद्र सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 132 केवी लक्ष्मणगढ़ से निकलने वाले 33 केवी बुटोली व 33 केवी हरसाना तथा 132 केवी नगर से निकलने वाले 33 केवी तसई फीडर की लाइनों पर मेंटेनेंस का काम किया जाएगा।
सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक प्रभावित रहेंगे ये क्षेत्र
निर्धारित कार्य के चलते 33 केवी बुटोली, हरसाना और तसई फीडर से जुड़े 33/11 केवी जीएसएस से निकलने वाले 11 केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान गंडूरा, बुटोली, घाट, हरसाना, लक्ष्मणगढ़ ग्रामीण, तसई, टिटपुरी और कांकरोली जीएसएस से जुड़े सभी गांवों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
इसके अलावा, हरसाना एवं लक्ष्मणगढ़ ग्रामीण जीएसएस से निकलने वाले 11 केवी फीडरों पर दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक 33 केवी लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी किया जाएगा। डिस्कॉम प्रशासन ने सभी संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की स्थिति में सहयोग बनाए रखें।

