राजगढ़ : वार्ड नंबर 21 से भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजू बन्ना मीणा ने की देव दर्शन यात्रा, विभिन्न धार्मिक स्थलों पर हुआ स्वागत
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी की जिला परिषद वार्ड नंबर 21 की प्रत्याशी डॉ. संजू बन्ना मीणा ने बुधवार को एक दिवसीय 'देव दर्शन यात्रा' के साथ अपने चुनाव प्रचार अभियान का भव्य आगाज किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा अपनी जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। इस यात्रा में उनके साथ सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
विभिन्न मंदिरों में टेका माथा, प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
डॉ. संजू बन्ना मीणा ने अपनी देव दर्शन यात्रा की शुरुआत परवैणी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद उन्होंने दानपुर और बहादुरपुर के मंदिरों में दर्शन किए। रैणी पहुँचकर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तथा भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इसके पश्चात सीताराम मंदिर में दर्शन किए।
यात्रा के अगले क्रम में उन्होंने पांडे रूपवास स्थित शिव मंदिर, बीरमकी माता मंदिर, आमाला के हनुमान मंदिर, ककराली के हनुमान मंदिर, बहरकों कलां के शिव-शंकर मंदिर तथा झांकड़ा स्थित गोपालदास महाराज मंदिर में पहुंचकर माथा टेका। इस यात्रा का समापन गढ़ीसवाईराम के ऐतिहासिक सीतारामजी के बड़े मंदिर में दर्शन के साथ हुआ, जहाँ मंदिर के पुजारी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत
देव दर्शन यात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न गाँवों और कस्बों में कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजू बन्ना मीणा का आत्मीय स्वागत किया गया। इस धार्मिक और जनसंपर्क यात्रा से क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।

