लक्ष्मणगढ़ में सफाई कर्मचारियों को मिले अनुभव प्रमाण पत्र: नगर पालिका अध्यक्ष मीना गुप्ता ने 69 कर्मियों को सौंपे प्रमाण पत्र
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
सफाई कर्मचारी भर्ती 2026 के अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका की अध्यक्ष मीना गुप्ता द्वारा बुधवार को 69 सफाई कर्मियों को अनुभव प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इससे पहले मंगलवार को अनुभव प्रमाण पत्र जारी न होने से नाराज सफाई कर्मियों ने नगर पालिका गेट पर कचरे का ढेर लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया था।
हंगामे के बाद प्रशासन ने की वार्ता
प्रदर्शन के बाद उपजे घटनाक्रम को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने ठेकेदार और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की, जिसके बाद समस्या का समाधान निकाला गया। बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मियों को भर्ती आवेदन के लिए कार्यालय में कुल 69 अनुभव प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कर्मचारियों का था आरोप
कर्मचारियों का आरोप था कि कुछ कारणों से उन्हें प्रमाण पत्र देने में देरी या आनाकानी की जा रही थी। जब मामला बढ़ा और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया, तब जाकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को सभी 69 अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए।
उधर, अधिशासी अधिकारी चेतन बैरवा ने बताया कि ठेके पर लगे सफाई कर्मियों को नियमानुसार अनुभव प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं, जिनका वितरण पालिका अध्यक्ष के कर-कमलों से करवाया गया है।

