राजस्थान में पात्र एवं नव मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान जारी: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने दी जानकारी
खैरथल / हीरालाल भूरानी
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में राजस्थान में मतदाता सूची के सतत अद्यतन (Continuous Updation) के तहत पात्र एवं नव मतदाताओं के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान प्रारम्भ कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान, नवीन महाजन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गए पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके और प्रथम बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है।
57 हजार से अधिक नए फॉर्म-6 प्राप्त
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा रही है। गत सात दिनों में ही राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से नवीन मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 57,000 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हो चुके हैं।
ईएलसी के माध्यम से हो रहा व्यापक प्रचार-प्रसार
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ एवं विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों की निगरानी जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की जा रही है, साथ ही मुख्यालय स्तर से भी नियमित पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
आवेदन की सरल प्रक्रिया
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आमजन की सुविधा के लिए अब राजस्थान सहित SIR की प्रक्रिया पूर्ण कर चुके अन्य राज्यों में मतदाता पंजीकरण के फॉर्म-6 एवं संशोधन हेतु फॉर्म-8 के साथ SIR के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र की आवश्यकता को समाप्त कर दिया गया है। पात्र नागरिक अब voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
युवाओं से विशेष अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का पूरा लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। साथ ही अपने परिवार और आसपास के ऐसे पात्र युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें जिनका नाम अभी तक सूची में नहीं जुड़ा है। उन्होंने दोहराया कि निर्वाचन विभाग एक सशक्त, सहभागी और समावेशी लोकतंत्र के निर्माण के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।

