दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा प्रहार: खेरली में 100 किलो एक्सपायरी सामग्री नष्ट, मिलावटी बादाम और मिठाइयों के सैंपल सीज
खेरली / दिनेश लेखी
त्योहारों की मिठास में जहर घोलने वालों की अब खैर नहीं! दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसते हुए खेरली कस्बे में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण किए। इस दौरान कई नामचीन मिष्ठान भंडारों और किराना दुकानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलो अवधि पार (एक्सपायर्ड) और अमानक खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, मिलावट की आशंका में बादाम के दर्जनों पैकेट जब्त कर लिए गए हैं।
इन प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज, लिए गए सैंपल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने कस्बे के प्रमुख बाजारों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान निम्नलिखित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने (Samples) लिए गए:
-
स्टेशन रोड: बीकानेर मिष्ठान भंडार (कलाकंद)
-
जवाहर चौक: बीकानेर मिष्ठान भंडार (मलाई बर्फी)
-
हिंडौन रोड: श्याम मिष्ठान भंडार (गुलाब जामुन)
-
अन्य ठिकाने: देव एंटरप्राइजेज (पतिसा), दिलीप मिष्ठान भंडार (मावा व बेसन के लड्डू), और विद्या फास्ट फूड।
किराना दुकान पर मिला संदिग्ध माल
कार्रवाई के दौरान जवाहर चौक स्थित बाबूलाल जिनेंद्र कुमार की किराना दुकान पर टीम को गंभीर अनियमितताएं मिलीं। दुकान से काजू और बादाम के सैंपल लेने के साथ ही, मिलावट की आशंका के चलते 500-500 ग्राम वजन वाले बादाम के 56 पैकेट तुरंत जब्त कर लिए गए। साथ ही, दुकान में डंप करके रखी गई लगभग 100 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
हाइजीन की उड़ी धज्जियां, थमाए नोटिस
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर साफ-सफाई (Hygiene) के भारी अभाव और गंदगी की पोल खुली। इसे गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लापरवाह दुकानदारों और इकाई संचालकों को कड़े सुधार नोटिस जारी किए हैं।
अधिकारियों की दो टूक: रिपोर्ट आने पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला (Laboratory) में जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट सामने आते ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

