राजगढ़ में करंट लगने से मजदूर की मौत: पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा शव, मामला दर्ज
राजगढ़ (अलवर / अनिल कुमार गुप्ता)।
राजगढ़ कस्बे के ख्वास जी का बाग क्षेत्र में एक मकान पर मजदूरी का कार्य करते समय विद्युत करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजगढ़ कस्बे के वाटर वर्क्स के पास रहने वाला अजय सैनी (26) पुत्र भगवान सहाय सैनी ख्वास जी का बाग स्थित एक मकान में मजदूरी करने गया था। काम करने के दौरान अचानक वह तेज विद्युत करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और अचेत होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत राजगढ़ चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के चाचा रमेश चंद्र सैनी ने बताया कि अजय घर का सहारा था और मजदूरी पर गया हुआ था, जहां यह हादसा हो गया। इस संबंध में मृतक के पिता भगवान सहाय सैनी की ओर से राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

