राजगढ़ के ऐतिहासिक कुंड पर सजेगी दीपों की कतार: दीपावली की रात 8 नवंबर को भव्य दीपोत्सव का होगा आयोजन
राजगढ़ (अलवर / अनिल कुमार गुप्ता)।
दीपावली के पावन पर्व पर इस बार राजगढ़ के ऐतिहासिक एवं प्राचीन कुंड पर एक भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आगामी रविवार, 8 नवंबर को दीपावली की रात्रि ठीक नौ बजे कुंड परिसर को हजारों दीपकों की रोशनी से जगमगाया जाएगा, जिसकी तैयारियां स्थानीय स्तर पर शुरू हो चुकी हैं।
समाजसेवी वीरेन्द्र दाधीच ने की अपील
समाजसेवी वीरेन्द्र दाधीच ने कस्बे के सभी समर्पित नागरिकों और प्रबुद्धजनों से आग्रह किया है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार अपने घर से कम से कम पांच दीपक लेकर आएं, ताकि इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को और अधिक भव्य व दिव्य स्वरूप दिया जा सके।
जीर्णोद्धार और सफाई के बाद सजावट की तैयारी
दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि कस्बेवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के सहयोग से ऐतिहासिक कुंड पर निरंतर जीर्णोद्धार और साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस प्राचीन धरोहर को संवारने के बाद अब दीपावली की रात यहां दीपोत्सव मनाए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस आयोजन से एक बार फिर प्राचीन संस्कृति और परंपराओं की अनूठी छटा देखने को मिलेगी।

