किशनगढ़ बास में विशाल निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर संपन्नः 541 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य लाभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जरूरतमंदों तक सुलभ चिकित्सा सुविधा पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को मेन मार्केट स्थित संत कंवर राम हरी मंदिर परिसर में विशाल निःशुल्क नेत्र एवं सामान्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह 331वाँ विशाल शिविर परम पूज्य संत हिरदाराम साहिब जी एवं स्वामी संत सिद्ध भाऊ जी के पावन आशीर्वाद व प्रेरणा से आयोजित हुआ।
शिविर का आयोजन मिश्री देवी आई हॉस्पिटल (यूनिट खैरथल), बलबीर सिंह तौमर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च हॉस्पिटल, पूज्य सिंधी पंचायत (किशनगढ़ बास) एवं जीव कल्याण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इसमें किशनगढ़ बास सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए कुल 541 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
विभिन्न विभागों में हुए उपचार व सेवा विवरण:
- नेत्र रोग विभाग: कुल 340 मरीजों की आँखों की जाँच की गई, जिनमें से 55 मोतियाबिंद पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया। इन सभी के ऑपरेशन मिश्री देवी आई हॉस्पिटल बहरोड़ में पूर्णतः निःशुल्क किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 170 जरूरतमंदों को निःशुल्क नजर के चश्मे व दवाइयाँ दी गईं।
- ईएनटी (नाक, कान, गला) विभाग: 110 मरीजों का परीक्षण कर 11 को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। वहीं, 2 जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क कान की मशीन (हियरिंग एड) उपलब्ध कराई गई।
- हड्डी एवं न्यूरो रोग विभाग: 45 मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श व उपचार दिया गया।
- स्त्री रोग विभाग: 15 महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श व दवाइयाँ प्रदान की गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ गीत गुप्ता और रूबी गुप्ता ने भी शिविर में महत्वपूर्ण सेवाएँ दीं।
शिविर के समापन पर पूज्य सिंधी पंचायत की ओर से बाहर से आई विशेषज्ञ चिकित्सकों की पूरी टीम तथा अतिथियों को स्मृति-चिह्न व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सिंधी समाज के मुखी गोकुलदास मृगवानी, बाबा बाबूलाल चन्दनानी, रूपचंद बत्रा, प्रभु दयाल चन्दनानी, राजेश कामदार, रामचंद्र आडवाणी, नंदलाल, झामनदास, लक्ष्मण दास, सुनील बत्रा, राजेश पमनानी, मुरली बच्चानी, संजू बजाज, राजा वलेचा, हीरू हरवानी, सुनील वलेचा एवं विशाल मंगलानी सहित अनेक प्रबुद्धजन एवं सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

