सामान्य ज्ञान अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में धमोरा की इशिका ने बढ़ाया मान, राज्य स्तर पर 45वीं रैंक हासिल
धमोरा (सुमेर सिंह राव) भारतीय प्रतिभा ओलंपियाड की ओर से आयोजित सामान्य ज्ञान अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में कस्बे की होनहार छात्रा इशिका चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इशिका पुत्री योगेश कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तर पर 45वीं रैंक प्राप्त की है।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में इशिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'ए' ग्रेड हासिल किया था। इसके बाद आयोजित द्वितीय चरण की कड़ी प्रतिस्पर्धा में उन्होंने पूरे राजस्थान में 45वीं रैंक अर्जित कर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता साबित की।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आयोजन समिति के जे.ए.एस.जी. एवं मुख्य संरक्षक व उड़नपरी पी.टी. उषा की ओर से उन्हें योग्यता प्रमाण पत्र (Certificate of Merit) जारी कर सम्मानित किया गया। इशिका की इस सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया तथा मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

