सड़क पर जलभराव से नाले की पटरी पर चलने को मजबूर राहगीर: पैर फिसलने से नाले में गिरा व्यक्ति, ग्रामीणों ने निकाला बाहर
बड़ौदामेव (अलवर) कस्बे के समीपवर्ती गांव गंडूरा में सोमवार को नाले की पटरी से होकर गुजर रहा एक राहगीर पैर फिसलने से गहरे नाले में जा गिरा। गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों और दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
- सड़क नीची होने से भरा रहता है गंदा पानी, नाले पर चलने की मजबूरी
स्थानीय निवासी सुमित खंडेलवाल व सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि लक्ष्मणगढ़-बड़ौदा मेव मुख्य मार्ग पर गंडूरा गांव में सड़क का स्तर नीचा होने के कारण बारिश और गंदा पानी हमेशा भरा रहता है। इसके अलावा नाले की नियमित सफाई न होने के कारण नालियों का ओवरफ्लो पानी सड़क पर फैला रहता है। जलभराव और भारी फिसलन के चलते राहगीरों और ग्रामीणों को मजबूरन खुले नाले की संकरी दीवार (पटरी) पर संतुलन बनाकर निकलना पड़ता है।
- 4 साल से जस की तस समस्या, आए दिन चोटिल हो रहे लोग
दुकानदारों व ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या पिछले करीब चार वर्षों से बनी हुई है। जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक कोई स्थाई समाधान नहीं हुआ। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से नाले की पटरी से निकलने के दौरान कई राहगीर संतुलन बिगड़ने से गिरकर पहले भी चोटिल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को ऊंचा उठाकर जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए तथा खुले नाले की नियमित सफाई कराकर उस पर पटिया या ढक्कन रखवाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े जानलेवा हादसे को टाला जा सके।

