नशे के सौदागर पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस का बड़ा आर्थिक प्रहार, 76 लाख की संपत्ति फ्रीज
बावड़ी (जोधपुर / मिश्रीलाल लखारा) मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित करीब 76 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई है। पुलिस ने खेड़ापा थाना क्षेत्र के गिंगाला निवासी मादक पदार्थ तस्कर बजरंग पुत्र बंशीलाल विश्नोई के एक रहवासी मकान को फ्रीज किया है। मकान की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह के निर्देशन एवं जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम ने तस्कर की आर्थिक गतिविधियों और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की जांच-पड़ताल की।
जांच के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली से अनुमोदित आदेशों के आधार पर संबंधित अचल संपत्ति को फ्रीज करवाया गया।
अवैध कमाई और आर्थिक नेटवर्क पर पुलिस की नजर
जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। पुलिस अब तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित धन, संपत्तियों, निवेश और आर्थिक स्रोतों की भी गहन जांच कर कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस ने जिले के सभी थानाधिकारियों को मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों की पड़ताल कर अवैध संपत्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्ति पर भी कानून का शिकंजा कसा जाएगा।

