कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के जन्मदिवस पर महुवा में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित; 26 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
महुवा (अवधेश अवस्थी) राजस्थान सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के 75वें जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और मानवता के उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर महुवा उपखंड मुख्यालय स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में मंगलवार को प्रातः 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल जयपुर की ब्लड यूनिट टीम (डॉ. हुकम चंद मीणा व उनकी टीम) के सहयोग और भारत विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
- विधायक और प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने किया स्वयं रक्तदान
मानव सेवा के इस महायज्ञ में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए महुवा विधायक राजेंद्र मीणा, महुवा नगर पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल, और पीएमओ डॉ. दिनेश कुमार मीणा ने स्वयं आगे आकर रक्तदान किया। नेताओं और चिकित्सकों को अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर रक्तदान करते देख शिविर में मौजूद युवाओं और आम नागरिकों का हौसला काफी बढ़ गया। परिणामस्वूप, शिविर में कुल 126 रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर अपनी भागीदारी निभाई।
- डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के जीवन मूल्यों पर प्रकाश
रक्तदानदाताओं और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि जन-जन के हृदय सम्राट डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का पूरा जीवन गरीब, वंचित और असहाय लोगों के अधिकारों की रक्षा और जनसेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी मार्गदर्शक का जन्मदिन मनाने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता कि उस दिन को मानव जीवन बचाने के कार्य को समर्पित किया जाए। विधायक ने शिविर को सफल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के युवाओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, भारत विकास परिषद और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. जगमोहन गोयल, विमल जैन, महुवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष अवधेश अवस्थी, खेमचंद किवाड़िया, महेंद्र तेगरवाल, राजन मीणा, तरुण सैनी, दिनेश सैनी, भारत मीणा, प्रेमवती शर्मा, जीपी शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि लखन मीणा, खेमी मीणा, किशोर ठेकड़ा, देव प्रकाश मानिक सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।

