भरतपुर के होनहार युवा ने चंडीगढ़ में लहराया परचम; पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में हासिल किए दो गोल्ड मेडल
भरतपुर (विष्णु मित्तल) भरतपुर के होनहार युवा ऐश्वर्य शर्मा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर चंडीगढ़ स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, चंडीगढ़ में दो गोल्ड मेडल हासिल कर भरतपुर का नाम रोशन किया है। ऐश्वर्य के दादा प्रोफेसर रामकृष्ण शर्मा वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि हैं। उनके पिता हेमंत शर्मा तथा माता ज्योति शर्मा हैं। इस शानदार उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।
ऐश्वर्य शर्मा ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक (प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 में से 9.10 सीजीपीए प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कॉलेज के 56वें दीक्षांत समारोह में उन्हें दो प्रतिष्ठित शैक्षणिक सम्मान प्रदान किए गए। इनमें विभाग में प्रथम स्थान के लिए गोल्ड मेडल तथा चारू मेहता मेमोरियल गोल्ड मेडल शामिल हैं।
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज का 56वां दीक्षांत समारोह पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस प्रतिष्ठित समारोह में ऐश्वर्य की उपलब्धि उनके परिवार और भरतपुर जिले के लिए विशेष गौरव का विषय बनी।
ऐश्वर्य शर्मा वर्तमान में मोहाली स्थित प्रतिष्ठित कंपनी ग्रे-बी में रिसर्च एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में दो गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से पहचान बनाई है।
ऐश्वर्य की सफलता यह दर्शाती है कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उनके परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

