विधिक माप विज्ञान विभाग ने मिठाई की दुकानों का किया निरीक्षण दो फर्मों पर लगाया 6 हजार रुपये का जुर्माना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशानुसार भरतपुर विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा एवं सही वजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी रामकुंवर नेतृत्व में निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों पर उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटों के सत्यापन एवं मुद्रांकन, मिठाई की बिक्री में प्रयुक्त खाली डिब्बों के वजन तथा मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़कर ग्राहकों से राशि वसूलने संबंधी अनियमितताओं की जांच की गई। जांच के दौरान दो फर्मों में अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 6,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को विधिक माप विज्ञान अधिनियम एवं संबंधित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राहकों को सही वजन में मिठाई उपलब्ध कराने तथा इलेक्ट्रॉनिक कांटों का समय पर सत्यापन एवं मुद्रांकन करवाने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा आमजन एवं उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

