दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 170 किलो दूषित मिठाई कराई नष्ट
अलवर और गोविंदगढ़ में कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, काजू-बादाम से लेकर मावा और पनीर तक के लिए सैंपल
अलवर (राजस्थान) दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलवर जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। राज्य सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने अलवर शहर और गोविंदगढ़ में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान करीब 170 किलोग्राम दूषित एवं पुरानी मिठाई मौके पर ही नष्ट करवाई गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर अविचल चतुर्वेदी तथा जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
- अलवर शहर में कई प्रतिष्ठानों की जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलवर शहर के केड़लगंज स्थित तृषा ट्रेडिंग कंपनी से काजू व बादाम, भाटियारों की गली स्थित श्री ट्रेडर्स से सूजी, ओम ट्रेडर्स से काजू तथा जसोरिया एंड ब्रदर्स से काजू के नमूने लिए। वहीं खेड़ली सैयद स्थित नासिर मिष्ठान भंडार की मावा कलाकंद निर्माण इकाई से कलाकंद का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर करीब 150 किलोग्राम दूषित एवं बदबूदार किश्ती कलाकंद मिलने पर उसे नष्ट करवाया गया।
- गोविंदगढ़ में भी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई
गोविंदगढ़ कस्बे में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बस स्टैंड स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले, राकेश मिष्ठान भंडार के कारखाने से पनीर एवं मावा तथा शर्मा चाट एवं मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान करीब 20 किलोग्राम पुरानी एवं दूषित मिठाई भी मौके पर नष्ट करवाई गई।
- जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विभाग की ओर से एकत्रित किए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से की अपील - मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा ने त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से पैकिंग एवं एक्सपायरी डेट जांचने, अखबार में लिपटी खाद्य सामग्री नहीं खरीदने तथा अत्यधिक चमकीले कृत्रिम रंगों से तैयार मिठाइयों से बचने का आग्रह किया है। खाद्य पदार्थों में मिलावट या अनियमितता की शिकायत CMHO कार्यालय अलवर के दूरभाष नंबर 0144-2340145 पर की जा सकती है।
त्योहारी सीजन में विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी जारी है।

