थानागाजी के कोलियों की ढाणी में तड़के गोलीबारी: महिला व बच्ची सहित चार लोग गंभीर घायल, अलवर रेफर
थानागाजी (गोपेश कुमार शर्मा):
थानागाजी थाना क्षेत्र के समीप कोलियों की ढाणी में मंगलवार सुबह 8:30 बजे हथियारबंद बदमाशों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस अचानक हुए गोलीकांड में एक महिला, दो पुरुष और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरी ढाणी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
फायरिंग में ये लोग हुए घायल
घटना में दुर्गेश पुत्र ओंकार, बादामी पत्नी श्रीलाल, तेजाराम और अनु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थानागाजी थानाधिकारी महावीर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत थानागाजी अस्पताल पहुँचाया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बेवजह घर में घुसकर बरसाईं गोलियां
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि चंनेचा की ढाणी निवासी ताराचंद अपने करीब आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद साथियों के साथ अचानक उनके घर में घुस आया और बेवजह ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जब घर की महिलाओं ने चीख-पुकार मचाई और शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे, तो सभी आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
हिस्ट्रीशीटर व वांछित आरोपी है ताराचंद
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ताराचंद लंबे समय से आपराधिक वारदातों को अंजाम देता आ रहा है और क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए गैंग बनाकर घूमता है। वह थानागाजी पुलिस का वांछित अपराधी भी है, जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
पुलिस की दबिश जारी
हादसे के बाद थानाधिकारी महावीर ने बताया कि घायलों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही पुलिस टीमों को बदमाशों की धरपकड़ के लिए रवाना कर दिया गया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

