नशे के सौदागरों पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस का बड़ा आर्थिक प्रहार: 3 तस्करों की 2.20 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज
एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत हुई कार्रवाई; तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों पर कसा कानूनी शिकंजा
बावड़ी, जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा):
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन मादक पदार्थ तस्करों की लगभग 2 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज (सख्त कानूनी पाबंदी) करवा दिया है। यह पूरी कार्रवाई एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 68एफ के तहत अंजाम दी गई है।
आईजी व एसपी के निर्देशन में हुई जांच और कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि जोधपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध एक सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने तस्करों की अवैध कमाई, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल की। जांच रिपोर्ट के आधार पर सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली से विधिवत अनुमोदन प्राप्त कर तीनों तस्करों की संपत्तियां सीज की गईं।
इन तीन तस्करों की संपत्तियां की गईं सीज
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार:
- घेवरराम विश्नोई (निवासी खोखरिया): पुत्र छोगाराम विश्नोई की करीब 2 करोड़ 18 लाख रुपये की विशाल संपत्ति फ्रीज की गई है, जिसमें दो भूखंड, एक आलीशान रहवासी मकान और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
- सागर उर्फ शेखर (निवासी विष्णु की ढाणी, कापरड़ा): पुत्र आसुराम विश्नोई की लगभग 60 हजार रुपये मूल्य की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल फ्रीज की गई है।
- धर्मपाल उर्फ धर्माराम (निवासी रियां सेठा, पीपाड़ शहर): पुत्र शंकरराम जाट की करीब एक लाख रुपये कीमत की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल फ्रीज की गई है।
तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
एसपी पंकज यादव ने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। अब पुलिस की कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तस्करी से कमाए गए धन, उससे खरीदी गई अचल संपत्तियों, बेनामी निवेश और वित्तीय स्रोतों की भी गहराई से जांच कर उन्हें सीज किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी थानाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चिन्हित तस्करों की आर्थिक गतिविधियों की पड़ताल कर कड़ी कार्रवाई जारी रखी जाए।

