अलवर में दिल दहला देने वाला हादसा: खेलते-खेलते खराब कार में बंद हुईं दो सगी बहनें, दम घुटने से मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपुरी इलाके में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ खेलते-खेलते एक खराब कार के भीतर बैठी दो मासूम सगी बहनों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में टीना (8 वर्ष) और लक्ष्मी (5 वर्ष) शामिल हैं। घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बच्चियां कार के अंदर जाती हुई दिखाई दे रही हैं।
- खेलते-खेलते कार रिपेयरिंग सेंटर पहुंची थीं मासूम
मृतक बच्चियों के पिता रमेश, जो कि पेशे से हेयर सैलून संचालक हैं, उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह वह अपनी दोनों बेटियों को घर पर छोड़कर दुकान गए थे। सुबह करीब 11:30 बजे दोनों बहनें खेलते हुए पास ही स्थित एक कार रिपेयरिंग सेंटर पर पहुंच गईं। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे दोबारा वहां खड़ी एक खराब लाल रंग की कार के अंदर जाकर बैठ गईं और दरवाजा बंद कर लिया।
- दोपहर में पिता लौटे तो कार में मिलीं बेहोश
पिता रमेश जब दोपहर करीब 12 बजे खाना खाने घर लौटे, तो बच्चियां गायब थीं। काफी खोजबीन करने के बाद दोनों बहनें कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिलीं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है; परिजनों के मुताबिक 4 साल पहले ही बच्चियों की मां की भी साइलेंट अटैक से मौत हो चुकी थी।
- खराब कार का गेट अंदर से नहीं खोल पाईं बच्चियां:
पुलिस मामले की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि जिस कार में यह हादसा हुआ, वह पूरी तरह से खराब स्थिति में थी। कार का इंजन और बैटरी बंद होने के कारण ऑटो-लॉक होने की संभावना नहीं थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियां कार के अंदर बैठने के बाद खुद से दोबारा गेट नहीं खोल पाईं, जिसके कारण वे अंदर ही फंसी रह गईं और ऑक्सीजन की कमी व दम घुटने से यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


