14 फरवरी तक चलेगा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह

Jan 15, 2024 - 16:00
Jan 15, 2024 - 19:31
 0
14 फरवरी तक चलेगा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह

जिला कलक्टर ने जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

भरतपुर, 15 जनवरी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत महीने भर चलने वाली गतिविधियों की श्रृंखला में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मोटर साईकिल जागरूकता रैली एवं रथ को जिला कलक्टर लोक बंधु ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

 जिला कलक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में कमी लाने के लिए आमजन को जागरूक कर यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पालना सुनिश्चित करायी जाये, इसके लिए अभियान कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओं में असामयिक मृत्यु से किसी परिवार का चिराग उजड़ता है तो देश की प्रतिभा भी कम होती है। यातायात नियमों की पालना से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सकती है। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में यातायात नियमों की जानकारी सभी टोल प्लाजाओं पर वाहन चालकों को दी जाएगी तथा शैक्षणिक संस्थाओं व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से युवाओं को जागरूक किया जायेगा। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन कर सभी लोगों को यातायात नियमों की पालना करने की शपथ भी दिलाई तथा यातायात जागरूकता ब्रोशर का विमोचन किया।

 क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जगदीश बैरवा ने बताया कि यह अभियान 15 जनवरी से 14 फरवरी तक जिलेभर में संचालित किया जायेगा जिसमें विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेगीं। अभियान में राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों पर वाहन चालकों को जागरूक करते हुए ब्रोशर का वितरण करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा के बारे में अवगत कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की पालना से असामयिक दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सकती है वहीं मानव जीवन की होने वाली क्षति से भी बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान में वाहन चालकों को नशा नहीं करने, मोबाईल पर वार्ता नहीं करने, सड़क पर चलते समय गति की निर्धारित सीमा की पालना के बारे में जानकारी दी जायेगी। किसी भी दुर्घटना के समय स्थानीय पुलिस थानों व प्रशासन को जानकारी देकर घायल लोगों की मदद के लिए प्रेरित किया जायेगा।

*यहां-यहां होकर निकली रैली*

 मोटर साईकिल जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर बिजलीघर चौराहे, काली बगीची, हीरादास सर्किल होते हुए कुम्हेर गेट चौराहा, रैडक्रॉस सर्किल तथा आरबीएम होते हुए यातायात चौराहे पर समापन हुआ। 

---00---

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow