एनटीए द्वारा आयोजित नीट परीक्षा-2025 का हुआ सफल आयोजन
जिला कलक्टर ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कोटपुतली–बहरोड़ (भारत कुमार शर्मा) नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार 4 मई को जिले के 18 परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल द्वारा परीक्षा केंद्र महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बहरोड़ एवं बानसूर रोड स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटपूतली एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जिला कलक्टर ने केंद्र प्रभारियों एवं संबंधितों से चर्चा कर परीक्षा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा समय पर प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं समुचित सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी और अनुशासित ढंग से संचालित हो।
5086 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा - परीक्षा में 18 केंद्रों (बानसूर ब्लॉक- 4, बहरोड़-2, कोटपूतली- 9, पावटा-3) पर कुल 5328 परीक्षार्थियों (बानसूर-960, बहरोड़-528, कोटपूताली- 2712, पावटा-1128) को परीक्षा में उपस्थित होना था, जिनमें से 5086 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 242 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में जिले में कुल 95.46% परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज की गई।


