रील बनाने के लिए पिता ने बेटी की जान खतरे में डाली: बांध के एंगल पर किया खड़ा
बांध में था 25 फीट पानी, मां ने भी नहीं रोका
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आजकल लोगों में रील बनाने का इतना भूत सवार है कि अपनी ही नहीं बल्कि अपनों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उपखंड बयाना में सामने आया है। यहां एक पिता ने रील (वीडियो)बनाने के लिए 7 बर्ष की मासूम बेटी को बंध बारैठा की रैलिंग के पार एंगल पर उतार दिया और फिर गेज बांक्स (पानी का गेज बताने वाली मशीन ) पर बैठाकर हाथ छोड़ दिया। और फिर रील (वीडियो) बनाया गया। वीडियो में बच्ची की मां भी नजर आ रही है।वह भी बच्ची को एंगल से होते हुए बांक्स पर बैठने को कहती हैं। पिता बच्ची का हाथ पकड़ कर उसे बांक्स तक छोडते है। नीचे बांध में 25 फीट तक पानी भरा नजर आ रहा है। साथ ही बच्ची के चहरे पर डर साफ नजर आ रहा है। इसके बावजूद भी पिता उसका हाथ छोड देते हैं। साथ ही मां रोकने के बजाय उसे प्रोत्साहित करती हुई नजर आ रही है।
सहायक अभियंता बोले...30 फीट नीचे गिर सकती थी बच्ची
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता दशरथ कुमार ने बताया कि बच्ची अगर गेज बांक्स से गिरती तो 30 फीट नीचे जाकर गिरती । यह वीडियो बांध के ऊपर कैनाल नम्बर 1 और 3 के पास से बनाया गया है। बांध की भराव क्षमता 29 फीट है। बांध में फिलहाल 25 फीट पानी भरा हुआ है।
वीडियो कब शूट हुआ पुष्टि नहीं
यह वीडियो दम्पति के साथ मौजूद किसी तीसरे व्यक्ति ने बनाया है। यह वीडियो कब शूट किया गया इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी।बंध बारैठा चौकी प्रभारी ASI भरत लाल ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है अभी दम्पति की पहचान नहीं हुई है। दम्पति की पहचान की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर एक कांस्टेबल को तैनात कर दिया गया है।
जिला कलेक्टर ने की थी अपील -पानी से दूर रहें
तीन दिन पहले ही भरतपुर जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने आमजन से बांध, जलभराव, नदी , तालाब से दूर रहने की अपील की थी। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी प्रशासन ने ऐसी जगह इन्तजाम किये हुए हैं। इसके बाद भी लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।बंध बारैठा के बांध में पानी की आवक के कारण यहां पर पर्यटकों की चहल-पहल बढी है। लोग रोजाना प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने के लिए बंध बारैठा के बांध पर पहुंच रहे हैं।


