आकाशीय बिजली गिरने से दो मंजिला छत ढही, मलबे में दबने से व्यक्ति की मौत
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में एक मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे दो मंजिल की छत भरभराकर ढह गई। मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति कमरे में अकेला सो रहा था। दूसरे कमरे में व्यक्ति की पत्नी और बच्चे सो रहे थे। घटना देर रात करीब 2 बजकर 45 मिनट की है।
मंजू (45) निवासी घटिया मोहल्ला ने बताया कि मेरे पति महेश गोयल (50) हम सभी अपने मकान में सो रहे थे। मेरे पति मकान के एक कमरे में अकेले सो रहे थे। वहीं दूसरे कमरे में में अपने बेटे और बेटी के साथ सो रहे थे। रात करीब 2 बजकर 45 मिनट पर बहुत तेज आवाज आई। जिसके बाद हम सभी उठकर अपने पति के कमरे में पहुंचे। मेरे पति मलबे में दबे हुए थे। उनका सिर्फ पैर दिखाई दे रहा था।
मंजू ने बताया कि हमारा मकान दो मंजिला है। मकान के दूसरी मंजिल की छत पर बिजली गिरी थी। जिससे दूसरे मंजिल की छत पहली मंजिल पर गिरी उसके बाद पहली मंजिल की छत सीधे नीचे आई गई। जिसमें मेरे पति दब गए। रात में बिजली के गिरने और मकान के गिरने की आवाज सुनकर पड़ौसी भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शव को मलबे से निकाला गया। फिलहाल शव मॉर्च्युरी में रखा हुआ है।
मंजू ने बताया कि मेरे पति महेश गोयल मूंगफली की रहेड़ी लगाते थे। मंगलवार और शनिवार को वह रुदावल वाले हनुमान जी के मंदिर पर प्रसाद की रेहड़ी लगाते थे। हमारे पास तीन लड़कियां और 1 लड़का है। जिसमें से 2 लड़कियों की शादी कर दी है।

