आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से क्षेत्र में नियमित करें भ्रमण - जिला कलक्टर

कोई भी पात्रजन सरकार की योजनाओं से वंचित नहीं रहे - चौधरी

Jul 15, 2025 - 12:24
 0
आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से क्षेत्र में नियमित करें भ्रमण   - जिला कलक्टर

भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में अटल सेवा केंद्र वीसी कक्ष में सरकार के दिशा निर्देश पर संचालित फॉर्मर रजिस्ट्री कैम्प, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना, सामाजिक सुरक्षा पेन्शन सत्यापन , हरियालो राजस्थान अभियान, पीएम फसल बीमा योजना और  मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित हुई। 
जिला कलक्टर कहा कि सरकार ने किसानों को सशक्त बनाने के लिए उन्हें डिजिटल रूप में सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है । जिले में आगामी 15 से 31 जुलाई तक फार्मर रजिस्ट्री कैंप में किसानों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने के लिए पंजीकृत किया जाए, ताकि किसानों को आसानी से राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं से पात्रजनों को शत प्रतिशत सुविधा मिल सके। किसान रजिस्ट्री शिविरों में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी जारी करने, योजनाओं का भौतिक सत्यापन, शिविरो में ई-केवाईसी, भूमि सत्यापन, खसरा रिकॉर्ड अपडेट और यूनिक आईडी जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री योजना न केवल किसानों के हित में है, बल्कि यह कृषि क्षेत्र में डिजिटल सुधार और पारदर्शिता लाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। यूनिक आईडी किसानों की आधार जैसी डिजिटल पहचान होगी। इसमें उनके सभी भूमि खसरों की जानकारी हिस्सेदारी और व्यक्तिगत विवरण दर्ज होगे। इस कार्ड के जरिये किसान सरकारी सहायता, फसल ऋण और बीमा योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित और आसान तरीके से मिलेगा। 
जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी विभाग में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को यदि 60 दिवस से अधिक समय तक लम्बित प्रकरणों को प्राथमिकता से शीघ्र निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा सभी उपखण्ड अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्मिकों द्वारा किये गये प्रकरणों की निस्तारण की जांच कर प्रतिमाह दस समस्याओं का स्वयं के स्तर पर आंकलन कर परिवादी के संतुष्टि के मापदण्ड भी चैक करें।  उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत विभागों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप पौधारोपण करवाकर लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन डालने से हुई क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी से सत्यापन कराया जाएं। उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात मौसम में अपने क्षेत्र में जलभराव वाली सड़कों पर पानी निकासी हेतु व्यवस्थाआंे और आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से क्षेत्र में नियमित भ्रमण करना सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी प्रकार की स्थिति या अनहोनी को रोका जा सके। उन्होंने बरसात के मौसम में बिजली गिरने से जन हानि या भवन क्षतिग्रस्त होने पर सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारी समय पर प्रस्ताव भिजवाये जिससे पीडित को राहत प्रदान की जा सके।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और स्वामित्व योजना में आवासीय पट्टा वितरण कार्य प्रगति करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्रजन सरकार की योजनाओं से वंचित नहीं रहे, ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक आपसी समन्वय से आमजन को लाभान्वित किया जाए । उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में 1 जुलाई से 30 सितम्बर तक वित्तीय समावेशन एवं जन सुरक्षा सेचुरेशन अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर मंगलवार एवं बुधवार को आयोजित होने वाले शिविरों में पात्रजनों को लाभान्वित करने के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ शिविरों का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने जिले में आगामी दिनों मनाए जाने वाले पर्व-त्योहारों में शांति एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भरतपुर की कौमी एकता की परम्परा को कायम रखते हुए सभी त्यौहार आपसी भाईचारे के साथ मनाऐं। उन्होंने कहा कि पुलिस और शांति समिति सदस्यों के सहयोग से भव्य व सौहार्दपूर्ण आयोजन कर जिले की अमन और शांति की परम्परा को कायम रखें। आयोजनों के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के माकूल बंदोबस्त किए जाएंगे। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जाएगी। सोशल मीडिया पर साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाडने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए निर्धारित किए गए समय और मार्ग का विशेष ध्यान रखा जावे। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ को डोर टू डोर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, एसडीएम राजीव शर्मा, उपनिदेशक लोकसेवा भारती भारद्वाज, एलडीएम प्रशांत कुमार, एसीईओ विनय मित्र, तहसीलदार पायल जैन, जिला समन्वयक एसबीआई सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................