इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय के विज्ञान संकाय का परिणाम रहा शत-प्रतिशत
मुंडावर ( देवराज मीणा) मुंडावर उपखंड स्थित इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय की बीएससी तृतीय वर्ष की छात्राओं का मुख्य परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। राज ऋषि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय, अलवर के द्वारा जारी सत्र 2024-25 के इस परिणाम की मुख्य विशेषता यह रही कि सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुई हैं। इस अवसर पर कॉलेज महानिदेशक शिक्षाविद अभिनव शर्मा और प्राचार्य शिक्षाविद एवं गांधीवादी विचारक डॉ. डी. आर. शर्मा ने बताया कि छात्राएं यदि सच्ची लगन और मेहनत के साथ एक लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ने का दृढ़ संकल्प करें, तो उनको आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
महिलाओं में अपार सामर्थ्य और क्षमता विद्यमान होती है। आवश्यकता है इन्हें सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। आचार्य चाणक्य और गुरु द्रोण जैसे शिक्षकों के द्वारा इनको सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जाए, तो महिलाएं प्रत्येक मुकाम को आसानी से अर्जित कर सकती हैं। इंद्रप्रस्थ कॉलेज के शिक्षकों के द्वारा कठोर, समयबद्ध और अनुशासित मेहनत करके छात्राओं को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका यह परिणाम रहा है कि सभी छात्राएं अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुई हैं। नियमित अध्ययन और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप निरंतर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें, सफलता अवश्य आपका चयन करेगी। इसमें कोई दो मत नहीं हो सकते हैं। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के द्वारा सभी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रेमलता शर्मा, नेहा चौधरी एवं नीतू चौधरी सहित अनेक विद्वानों के द्वारा छात्राओं को दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।


