गढ़ी सवाईराम में हाइवे के गढ्ढों को सही कराने की मांग
लक्ष्मणगढ़ ,अलवर (कमलेश जैन)
गढ़ी सवाई राम में मेन रोड स्टैंड पर हो रहे बड़े बड़े खड्डों को सही कराने के लिए मांग उठाई है। पांच दिन में मांग नहीं मानने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
डॉ श्यामसुंदर मीना ने आंखों देखी इस दुर्दशा पर खेद व्यक्त करते हुए शीघ्र समाधान की अपील प्रशासन से की है। एवं एसडीएम रैणी सहित अन्य अधिकारियों को अवगत कराया। बड़े एवं गहरे खड्डों के कारण लोगों को आने जाने में बड़ी परेशानी हो रही है, बाइक व छोटे साधन गिरकर इनमें फंस जाते हैं। प्रशासन से लोगों ने अपील की है कि अविलंब ध्यान देकर सही कराया जाए जिससे लोगों का आक्रोश ना बढ़े। करीब छह महीने पहले एसडीएम से डॉ श्यामसुंदर मीना ने बात की थी व इन्हें सही भी कराया था ।लेकिन ये लीपा पोती ही की गई जिससे ये फिर से खराब हो गया। इस बार सही से मरम्मत कराने की अपील की है। पूर्व सरपंच गिर्राज सहित अनेक दुकानदारों व अन्य ग्रामीणों ने भी अपना दर्द सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्रशासन को अवगत कराया है।