जिला प्रभारी सचिव अनिल अग्रवाल ने किया विराटनगर क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों एवं फसल खराबे का निरीक्षण
कोटपूतली-बहरोड, (भारत कुमार शर्मा) आयुक्त विभागीय जांच, राजस्थान एवं जिला प्रभारी सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने शनिवार को विराटनगर क्षेत्र का दौरा कर मानसून एवं अतिवृष्टि के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लिया. प्रभारी सचिव ने ग्राम भाबरू के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं पटवार हल्का, आंगनबाडी केन्द्र एवं फील्ड में जाकर फसलों की स्थिति का निरीक्षण किया।
उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर भवन की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यालय में छात्र-छात्राओं के अच्छे नामांकन व बेहतर परीक्षा परिणाम की सराहना की। साथ ही विद्यालय भवन व पीने के पानी की टंकी की नियमित साफ-सफाई हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने मानसून के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा हेतु आवश्यक उपाय एवं तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के भवनों का समय-समय पर निरीक्षण करें और आवश्यकता वाले स्थानों की मरम्मत कराएं जरूरत पड़े तो शिफ्टिंग करें, इस कार्य किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते।
उन्होंने फील्ड में जाकर अतिवृष्टि के कारण फसलों पर पड़े प्रभावों का जायजा लिया और किसानों से संवाद कर प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं और सहायता पर फीडबैक लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए. उन्होंने पटवार हल्का निरीक्षण के दौरान राज खसरा गिरदावरी एप के माध्यम से की जा रही ऑनलाईन गिरदावरी की मौके पर जांच करते हुए अतिवृष्टि के कारण बाजरा फसल खराबे से प्रभावितों को पात्रतानुसार सहायता और संबल प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय पर गिरदावरी कार्य करने एवं खराबे का आकंलन करने हेतु निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन हर परिस्थिति में आमजन के साथ खड़ा है।
उन्होंने भाबरू सेक्टर के आंगनबाडी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान केन्द्रों पर पौष्टिक पोषाहार, सफाई व्यवस्था, वितरण प्रणाली, दी जा रही सुविधाओं और उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली तथा आंगनबाडी केन्द्र भाबरू-3 व भाबरू-6 पर 03 से 06 वर्ष के बच्चों का नामांकन बढाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों कि मॉनिटरिंग करें बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें.
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी विराटनगर अमिता मान, तहसीलदार लालाराम यादव, शशिकांत शर्मा, प्राचार्य मातादीन मीणा, पटवारी नरेश यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।


