विश्व ओज़ोन दिवस के अवसर पर भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) विश्व ओज़ोन दिवस (16 सितम्बर) के अवसर पर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय भरतपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं ओज़ोन परत की सुरक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षक तथा ह्यूमन हेरिट सोसायटी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
क्षेत्रीय अधिकारी राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उमेश ने बताया कि ओजोन दिवस के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, छोटाकछ, भरतपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विद्यार्थियों को ओज़ोन परत की महत्ता, ओज़ोन परत को नुकसान पहुँचाने वाले ओज़ोन क्षयकारी पदार्थों (ODS) तथा उनके मानवीय जीवन एवं पर्यावरण पर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने हेतु निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
भरतपुर, डीग एवं बयाना उपखण्ड के विभिन्न विद्यालयों में भी पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से ओज़ोन परत की सुरक्षा संबंधी संदेश आमजन तक पहुँचाए गए।
इन सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन में सोसाइटी, नगर निगम, वन विभाग तथा जिला प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भरतपुर मोहन शर्मा ने उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को ओज़ोन परत की सुरक्षा के लिए जागरूक किया तथा नागरिकों से भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य समाज को ओज़ोन परत की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति सजग एवं प्रेरित करना रहा।