खैरथल में किसानो ने खाद नहीं मिलने पर किया हंगामा
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) दी खैरथल क्रय-विक्रय सहकारी समिति लि.में आज सुबह से ही खाद लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूरज निकलने से पहले ही महिलाएं और पुरुष किसान लाइन में लग गए, लेकिन दोपहर तक हालात यह रहे कि कई किसानों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा।
सुबह 6 बजे से ही हजारों किसान कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। बढ़ती गर्मी और उमस के बीच किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। किसानों का कहना है कि रवि की फसल खेतों में खड़ी है और खाद की सख्त जरूरत है, लेकिन उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। समिति अधिकारियों ने बताया कि आज केवल 400 कट्टे खाद आए हैं, जिन्हें एक आधार कार्ड पर दो कट्टे के हिसाब से बांटा जा रहा है। इसके बावजूद अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिल सका। कई किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति के सदस्य किसानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि बाकी किसानों को बार-बार टाल दिया जाता है। मौके पर मौजूद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसी तरह से भीड़ को नियंत्रित कर खाद वितरण कराया। गुस्साए किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण में गड़बड़ी की जा रही है और उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रहा, जिससे फसल पर संकट मंडरा रहा है।